रिलायंस के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल हुईं एसबीआई की पूर्व चेयरमैन अरुंधति भट्टाचार्य
केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार रोधी संस्था लोकपाल के सदस्यों के नामों पर विचार करने के लिए आठ सदस्यीय चयन समिति का गठन किया था, जिसमें अरुंधति भट्टाचार्य का नाम भी शामिल है।

भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की प्रमुख रही अरुंधति भट्टाचार्य अब मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडिया लिमिटेड का हिस्सा बनेंगी। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में उन्हें शामिल किया गया है। रिलायंस ने इस ख़बर की पुष्टि की है।
द वायर की रिपोर्ट अनुसार रिलायंस कंपनी ने बताया कि अरुंधति भट्टाचार्य बीते 17 अक्टूबर को कंपनी के एडिशनल डायरेक्टर बोर्ड का हिस्सा बनी हैं। अगले पांच सालों तक वह इस पद पर बनी रहेंगी। ग़ौरतलब है कि केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार रोधी संस्था लोकपाल के सदस्यों के नामों पर विचार करने के लिए आठ सदस्यीय चयन समिति का गठन किया था, जिसमें अरुंधति भट्टाचार्य का नाम भी शामिल है।
ज्ञात हो कि अरुंधति भट्टचार्य 1977 में प्रोबेशनरी अफ़सर के तौर पर एसबीआई से जुड़ने वाली पहली महिला अध्यक्ष थीं। 2013 में उन्हें एसबीआई प्रमुख बनाया गया और अक्टूबर 2017 में वह अपने पद से रिटायर हो गईं। इसके बाद अरुंधति अब रिलांयस से जुड़ गई हैं। इससे पहले बीते हफ्ते अरुंधति को एक निजी इक्विटी फर्म क्रिस कैपिटल ने अपने सलाहकार के रूप में नियुक्त किया था।