पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे और भाजपा विधायक मानवेंद्र सिंह ने थामा कांग्रेस का हाथ
मानवेंद्र सिंह ने कहा है कि अपने "आत्मसम्मान और गौरव" को बचाने के लिए वे भाजपा का साथ छोड़ रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे विधायक मानवेंद्र सिंह भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने बुधवार को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी की पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट और राष्ट्रीय संगठन महासचिव अशोक गहलोत के साथ कई अन्य राजपूत नेता भी मौजूद थे।
द इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के अनुसार कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मानवेंद्र सिंह के पार्टी में आने से विधानसभा चुनावों में मदद मिलेगी।
कांग्रेस नेता सचिन पायलट का कहना है, ‘अब मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए क्योंकि सालों से भाजपा के लिए काम करने वाले कार्यकर्ता अब परेशान हो चुके हैं। यह मुख्यमंत्री की कार्यशैली का परिणाम है कि घनश्याम तिवारी और मानवेंद्र जी जैसे लोगों को पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।’ उन्होंने कहा कि यदि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की स्थिति इतनी दयनीय है, तो इसके आम कार्यकर्ताओं की क्या दशा होगी, यह कल्पना भी नहीं की जा सकती।
गौरतलब है कि मानवेंद्र सिंह ने 22 सितंबर को भाजपा छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि “आत्मसम्मान और गौरव” को बचाने के लिए वे भाजपा का साथ छोड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि पार्टी उनकी चिंताओं को दूर करने में विफल रही है।