द्रमुक के दिवंगत नेता एम करुणानिधि और कुछ मंदिर कर्मचारियों के ख़िलाफ़ अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए भाजपा नेता राजा के खिलाफ मामला दर्ज
18 अप्रैल को पूर्व पंचायत अध्यक्ष और द्रमुक की कनियूर इकाई के सचिव वेलूस्वामी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर शुक्रवार की रात मामले दर्ज किए गये।

द्रमुक के दिवंगत नेता एम करुणानिधि और कुछ मंदिर कर्मचारियों के खिलाफ कथित तौर अपमानजनक टिप्पणी करने को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एच राजा के खिलाफ तमिलनाडु के कई स्थानों पर मामले दर्ज किये गये।
करुणानिधि के खिलाफ छह महीने पहले सोशल मीडिया में अपमानजनक टिप्पणी करने पर कोयंबटूर में पुलिस ने राजा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किये गए।
शहर के करूमाथमपत्ती थाने में 18 अप्रैल को पूर्व पंचायत अध्यक्ष और द्रमुक की कनियूर इकाई के सचिव वेलूस्वामी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों पर शुक्रवार की रात मामले दर्ज किए गये।
इस बीच, ‘तिरूकोविल पनियालरगल’ (मंदिर कर्मचारियों) और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ अपमानजनक तरीके से कथित तौर पर बोलने पर तंजावुर में पुलिस ने शुक्रवार रात को राजा के खिलाफ मामले दर्ज किये।