भाजपा के ख़िलाफ़ कांग्रेस सेवादल ने की ‘हल्ला-बोल, पोल-खोल’ अभियान की शुरुआत
इसके ज़रिए राफेल घोटाला, किसानों की कर्ज माफ़ी, बेरोजगारी, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दों को जनता के समक्ष रखा जाएगा।

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजस्थान कांग्रेस ने अपनी रणनीति बना ली है। भाजपा सरकार को घेरने के लिए और जनता से किये वादों को पूरा न करने को लेकर कांग्रेस सेवादव आज से प्रदेश में हल्ला–बोल पोल–खोल अभियान शुरु करने जा रही है। पत्रिका में छपी रिपोर्ट के मुताबिक इस अभियान की शुरुआत आज राजसमंद और चित्तौड़गढ़ ज़िलों से की जाएगी। पोल–खोल अभियान के अंर्तगत कांग्रेस सेवादल के प्रदेशप्रभारी प्रकाश भर्तियां और मुख्य संगठक राकेश पारीक सहित वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल होंगे।
राजस्थान के तक़रीबन सभी ज़िलों में इस अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। जयपुर मे पोल–खोल अभियान 23 सितंबर को आयोजित किया जाएगा जिसमें सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई भी शामिल होंगे। जयपुर अलावा अन्य ज़िलों में 16 सितंबर को प्रतापगढ़, 17 सितंबर को उदयपुर और 25 को जोधपुर और 26 को जैसलमेर भी पोल–खोल अभियान आयोजित किया जाएगा।
सेवादल के संगठक राकेश पारीक और आईटी सेल संयोजक महेंद्र खेड़ी ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए राफेल घोटाला, किसानों की कर्ज माफ़ी, जीएसटी, बेरोजगारी, पेट्रोल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों जैसे मुद्दों को जनता के समक्ष रखेंगे और इसके अलावा अभियान के तहत हर ज़िले में तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी।