महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता की चाकू गोदकर हत्या, भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगा हत्या का आरोप
कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के भीतर कई गुंडे हैं, जो अपने राजनीतिक विरोधियों का सफ़ाया करने में लगे हैं।

महाराष्ट्र के घाटकोपर में अपराधियों ने कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता मनोज दूबे की चाकू गोदकर हत्या कर दी है। कांग्रेस नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने भारतीय जनता पार्टी पर इस हत्या का आरोप लगाया है।
रविवार देर रात अपराधियों ने मनोज की हत्या कर दी। इससे कुछ घंटे पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा था। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि मनोज दूबे (45 वर्ष) को रात 1.30 बजे असलफ़ा मेट्रो स्टेशन के पास दो अज्ञात हमलावरों ने चाकू मार दी। अधिकारी ने कहा कि कुछ पुलिस वाले उन्हें अस्पताल ले कर गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी का कहना है कि हालांकि हमले का मुख्य कारण मालूम नहीं चल सका है। लेकिन, सोशल मीडिया पर लिखा गया एक राजनीतिक पोस्ट हत्या का कारण हो सकता है।
Mumbai: Congress worker Manoj Dubey allegedly killed in Ghatkopar last night. Relative says, "he shared a post on Facebook that Congress will form govt in 2019 on which BJP&Bajrang Dal workers posted rude comments.The altercation led to a fight with swords in which he was killed" pic.twitter.com/4VraCCVE0q
— ANI (@ANI) October 22, 2018
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा है कि अपराधी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता थे। “बीजेपी कार्यकर्ताओं ने क्रूरता से कांग्रेस कार्यकर्ता दूबे को मार दिया है। पार्टी इस हमले की भर्त्सना करती है। यह सिर्फ़ कांग्रेस कार्यकर्ता की ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र की हत्या है।” उन्होंने हमलावरों की तत्काल गिरफ़्तारी की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी में कई गुंडे हैं, जो अपने राजनीतिक विरोधियों का सफ़ाया करने में लगे हैं।