बिहार के मोतिहारी में छात्र और शिक्षक पर जानलेवा हमला, घटना विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर हुई
इन्हीं हमलावरों ने कुछ दिन पहले वहां के शिक्षक संजय कुमार पर भी जानलेवा हमला किया था।

बिहार के मोतिहारी में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय में गुरुवार दोपहर कुछ गुंडों ने शक्ति बाबू नाम के छात्र पर हमला कर दिया। यह घटना विश्वविद्यालय के मुख्य दरवाजे पर हुई। मीडिया विजिल की रिपोर्ट के मुताबिक इन्हीं हमलावरों ने कुछ दिन पहले वहां के शिक्षक संजय कुमार पर भी जानलेवा हमला किया था। हमले में प्रो. संजय कुमार को गंभीर चोटें आई जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती किया गया था।
विश्वविद्यालय के शिक्षक संघ के संयुक्त सचिव मृत्युंजय यादवेंदु ने जानकारी दी कि जिस छात्र पर हमला हुआ उसने प्रो. संजय कुमार पर हमले के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई थी और कुलपति प्रो. अरविंद अग्रवाल के ख़िलाफ़ विरोध मार्च में भी हिस्सा लिया था। इससे पहले भी इन गुंडों ने तीन छात्राओं को धमकाया और उनके कपड़े भी फाड़ दिये थे।
उन्होंने बताया कि एक महीने पहले प्रो. संजय कुमार पर जानलेवा हमले के बाद से विश्वविद्यालय में असंतोष का माहौल है। बुधवार को कुलपति के ख़िलाफ़ मोतिहारी में प्रदर्शन हुआ था। जिसमें छात्रा और शिक्षकों ने भी हिस्सा लिया था। शिक्षक संघ ने कुलपति के ख़िलाफ़ फर्जी डिग्री के साथ भ्रष्ट्राचार के आरोप लगाए हैं।